दो एसआई सहित छह पुलिसकर्मी घायल
- फोटो : अमर उजाला
कुबेरस्थान (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के सिसवा जंगल गांव की हरिजन बस्ती में कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इससे दो एसआई, महिला कांस्टेबल सहित करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलने पर सीओ सदर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। एसआई की तहरीर पर पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिसवा जंगल गांव की हरिजन बस्ती में कच्ची शराब बनाने व बेचे जाने की सूचना पर कुबेरस्थान थाने की पुलिस रविवार को दिन के करीब तीन बजे गांव में पहुंची। पुलिस टीम की अगुवाई एसआई सजनू यादव और सदानंद यादव कर रहे थे। दबिश के दौरान पुलिस टीम को काफी मात्रा में कच्ची शराब मिली, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई पर कुछ लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। यहां तक कि पुलिस टीम पर पथराव भी करने लगे। इससे दोनों एसआई, महिला कांस्टेबल सहित करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए घटना की सूचना एसआई सजनू यादव ने प्रभारी एसओ कुबेरस्थान आशुतोष कुमार तथा सीओ सदर श्रीशचंद्र को दी। सूचना मिलते ही सीओ सदर तथा प्रभारी एसओ पुलिसफोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। साथ में एसओ तुर्कपट्टी, एसओ बरवापट्टी, एसओ विशुनपुरा, एसओ सेवरही, एसओ महिला थाना सहित कई थाने की पुलिस भी पहुंची। घटनास्थल पर फंसे पुलिसकर्मियों को कुबेरस्थान थाने लाया गया।
इधर, एसआई सजनू यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दस नामजद तथा पंद्रह अज्ञात सहित पच्चीस लोगों के खिलाफ कुबेरस्थान थाने में मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा पुलिस टीम पर पथराव और आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। इस संबंध में प्रभारी एसओ कुबेरस्थान का कहना है कि कच्ची शराब बनाए और बेचे जाने की सूचना पर पुलिस दबिश देने उस गांव में गई थी। उसके विरोध में धंधे में लिप्त लोगों ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। एसआई सजनू यादव की तहरीर पर पुलिस टीम पर हमला करने वाले उस गांव के लगभग 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।