खड्डा। चीनी मिल से निकलने वाले राख के निस्तारण की मानक के अनुरूप व्यवस्था नहीं किए जाने पर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है। खड्डा स्थित एक चीनी मिल प्रबंधन को जारी नोटिस में 19 मार्च तक का समय दिया गया है।
चेतावनी दी गई है कि राख के निस्तारण के लिए मानक के अनुरूप व्यवस्था नहीं किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने खड्डा स्थित एक चीनी मिल को पर्यावरण से जुडे़ मानकों का अनुपालन नहीं करने नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किया है।
मिल प्रबंधन को ऑॅनलाइन मॉनीटरिंग सिस्टम 19 मार्च तक लगाए जाने का समय दिया गया है। साथ ही तय समय में व्यवस्था नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नोटिस में मिल से निकलने वाले धुंए और राख से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चीनी मिल से निकले गंदे पानी, राख और धुएं से जल स्रोतों पर भी असर पड़ने की बात कही गई है। इस संबंध में मिल प्रबंधक लोकेश कुमार का कहना है कि 19 मार्च तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चीनी मिल को ऑनलाइन मॉनीटरिंग सिस्टम लगाए जाने के लिए समय दिया है।
इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। किसानों के गन्ने की पेराई तक मिल संचालित कराए जाने की कोशिश भी की जा रही है। इस संबंध में जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम का कहना है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मिल को नोटिस भेजकर आवश्यक उपाय किए जाने को कहा है।