खड्डा/कोटवा बाजार। अपनी ससुराल से बारात जा रहे महराजगंज जिले का एक व्यक्ति शुक्रवार की रात दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसके इलाज के लिए नेबुआ नौरंगिया पीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महराजगंज जिले के बरगदही बसंतनाथ थाना चौक निवासी रामसंवारे पासवान उम्र 60 वर्ष घुघली थानाक्षेत्र के हरखी प्यासे गांव में स्थित अपनी ससुराल में मांगलिक कार्यक्रम में शरीक होने गए थे।
शुक्रवार की देर रात कुशीनगर के हनुमानगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत स्थित तुरकहिया गांव में आ रहे थे। एक मालवाहक में बैठे रामसंवारे का वाहन केशवपट्टी गांव के निकट पनियहवा-नेबुआ मार्ग पर कोतरहा नाले के पास रात के तकरीबन साढ़े आठ बजे अनियंत्रित होकर पलट गया। गंभीर रूप से घायल रामसंवारे को एंबुलेंस से नेबुआ नौरंगिया पीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका चेकअप करने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सीओ खड्डा गोरखनाथ का कहना था कि मालवाहक के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।