पिपरा कनक। बुधवार की मध्य रात्रि को कुश्ाीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के समऊर बाजार में मोबाइल की एक दुकान से चोरों ने छह कीमती मोबाइल चुरा लिया। इस बीच लोगों को भनक लगते ही बाइक छोड़कर चोरों को भागना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने दो बाइक बरामद की है। उधर चोरों ने एक दूसरे व्यापारी की बाइक लेकर भागे लेकिन उसका पेट्राल खत्म हो गया तो उसे रास्ते में ही खड़ी कर दी, फिर आगे जाकर एक व्यक्ति के घर के आगे खड़ी बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया।
समऊर बाजार निवासी रतन मिश्रा ने समऊर बाजार के पटहेरिया मोड़ पर मोबाइल की दुकान खोल रखा है। बुधवार की मध्य रात्रि के बाद चोर उनकी दुकान की शटर का ताला तोड़कर चोरी कर ही रहे थे कि गश्त पर निकले समऊर बाजार के पुलिसकर्मियों आने की आहट पाकर चोरों ने छह कीमती मोबाइल चुरा लिया और भाग निकले। पुलिस ने दुकान की सामने लावारिस हाल में खड़ी की गई एक बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद दुकान से करीब 50 मीटर की दूरी पर दूसरी बाइक भी बरामद हुई।
उधर, मोबाइल चुराकर भागे चोर समऊर बाजार के ही एक अन्य व्यवसायी के दरवाजे पर खड़ी बाइक लेकर भागे, लेकिन कुछ दूर जाने पर बाइक का पेट्रोल समाप्त हो जाने के कारण उसे समऊर-तमकुही मार्ग पर स्थित पिपरा बघेल गांव के सामने छोड़कर चलते बने। वहां से थोड़ी दूर पर स्थित सरेया बुजुर्ग गांव निवासी होसिला शर्मा के बरामदे में खड़ी बाइक देख चोर उसे लेकर भागने में सफल रहे। चोरी से व्यापारी भयभीत हैं। व्यापारी रतन मिश्रा ने पुलिस चौकी समऊर बाजार में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी एसओ अजय सिंह का कहना था कि घटनास्थल से दो लावारिस बाइक बरामद हुई है। जांच चल रही है। उसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।