रामकोला। थाना क्षेत्र के गांव भटवलिया में कच्ची शराब बेच रही एक महिला को एक सामाजिक संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। बाद में इन महिलाओं ने रामकोला थाने पहुंचकर कार्रवाई के लिए एसओ को ज्ञापन सौंपा। एसओ ने महिल कार्यकर्ताओं को कच्ची शराब के कारोबारियों पर कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिलाया।
भटवलिया गांव की एक महिला कच्ची शराब का कारोबार करती है। एक सामाजिक संगठन की महिला कार्यकर्ता कई दिन से इसकी निगरानी कर रही थीं। महलिि कार्यकर्ता कई दिनाें से उसे पकड़ने की फिराक में थीं।
मंगलवार की सुबह संगठन की कई महिला कार्यकर्ता उसके घर पहुंचीं और 20 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ लिया। महिला कार्यकर्ता उसे अपने साथ लेकर रामकोला थाने पर पहुंचीं और पुलिस के हवाले कर दिया।
महिलाओं ने कच्ची शराब पर रोक के लिए एसओ को ज्ञापन भी सौंपा। एसओ श्याम लाल यादव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान पुनीता देवी, लालती देवी, सुमित्रा देवी, विनीता, संवारी देवी, निर्मला आदि रहीं।
कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने के लिए सौंपा ज्ञापन
कसया। थाना क्षेत्र के सपहां गांव में कच्ची शराब बनाने और इसकी बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए लोगों ने मंगलवार को तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पूर्व में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन होगा।
मार्क्सवादी नेता अयोध्या लाल श्रीवास्तव के अगुवाई में मंगलवार को गांव के महिलाओं और पुरुषों ने तहसील में पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि कच्ची शराब के धंधे में संलिप्त लोगों को पुलिस संरक्षण दे रही है।
कच्ची शराब की बिक्री से गांव का माहौल खराब हो रहा है। इस शराब के पीने से कई लोग मर चुके हैं। ज्ञापन लेकर एसडीएम ने इस पार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मुनेब चौहान, बृजेश चौहान, रिजवान आलम, मुहम्मद इद्रीश, किरन, शिवकुमारी, सुमित्रा, फुलमति, लालझरी देवी, सतिया देवी, नर्गिस खातून, राजकुमारी, संवारी, सीता, सुभावती, माला, सिंकदर, विंद्रावती आदि मौजूद थे।