तुर्कपट्टी। सरकार परिषदीय विद्यालयों की दशा सुधारने की कवायद कर रही है, लेकिन पडरौना ब्लॉक के बलडीहा जूनियर विद्यालय पर इसका कोई असर नहीं दिखता। इस विद्यालय के शिक्षक आए दिन गायब रहते हैं।
सोमवार को भी जब दस बजे तक कोई शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचा तो लोगों की शिकायत पर प्रधान स्कूल पहुंचे। अध्यापकों को न पाकर ग्राम प्रधान परिचारक से रजिस्टर लेकर घर चले गए और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी। इस लापरवाही के आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
सोमवार को दस बजे ग्राम प्रधान ओमप्रकाश पांडेय जब विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी और सहायक अध्यापक लाल प्रताप सिंह नहीं आए थे।
परिचारक विद्यालय खोलकर इंतजार करता मिला। ग्राम प्रधान के अनुसार एक अप्रैल को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में अरविंद तिवारी प्रधानाध्यापक अनुपस्थित मिले थे, लेकिन उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हुई।
वह दूसरे दिन आकर अपनी हाजिरी बना लिए। इसी प्रकार सहायक अध्यापक लाल प्रताप सिंह विगत नौ अप्रैल से 23 अप्रैल तक स्कूल नहीं आए। प्रधान उनकी उपस्थिति पंजिका पर रोज जाकर अनुपस्थित लिखते रहे।
वह 23 को अनुपस्थित लिखा काटकर अपनी हाजिरी बना लिए। ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई। बच्चे स्कूल आने लगे थे, लेकिन अध्यापकों की लापरवाही से अब अभिभावक अपने पाल्यों को स्कूल नहीं भेज रहे।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अजय तिवारी ने बताया कि प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शेष अध्यापक प्रशिक्षण में हैं।