रामकोला/कुशीनगर। शुक्रवार की सुबह छेड़खानी के विरोध पर शोहदों के थप्पड़ का जवाब छात्रा ने थप्पड़ से दिया। छात्रा का प्रतिरोध देख शोहदे बाइक छोड़कर भाग निकले। छात्रा ने थाने पहुंचकर शोहदों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया। छात्रा के इस साहसिक कदम की लोगों ने सराहना की।
रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती बीटीसी की छात्रा है। वह शुक्रवार को साइकिल से कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार जा रही थी। सुबह तकरीबन आठ बजे साहबगंज पुल के निकट पहुंची थी कि बाइकसवार दो शोहदों ने उस पर छींटाकशी शुरू कर दी। युवती इसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ गई। शोहदों ने आगे बढ़कर छात्रा को पकड़ने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो शोहदों ने उसे थप्पड़ मार दिया। छात्रा शोहदों से भिड़ गई और उन्हें भी थप्पड़ जड़ दिया। छात्रा के शोर मचाने पर वहां काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। अपने को घिरा देखकर शोहदे बाइक छोड़कर फरार हो गए। छात्रा ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। मौके पर पहुंचे एसओ श्यामलाल यादव ने बाइक को कब्जे में लेकर दो शोहदों के विरुद्ध छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया और बरामद बाइक के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसओ का कहना था जल्द ही दोनों पकड़ लिए जाएंगे।