मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव चिउरापाली के पंचायत भवन के पास गन्ने की सुखी पत्ती के नीचे बोरे में मिले अज्ञात युवक के शव का कटा सिर मंगलवार को वहां से करीब तीन सौ मीटर दूर भूड़ाडीह गांव के शिव मंदिर के पास एक गेंहू के खेत में मिला। कटा सिर झोले में रखकर खेत में फेंका गया था। इस मामले में संदेह के आधार पर चिउरापाली गांव के दो लोगों से पूछताछ हो रही है।
बीते शनिवार को चिउरापाली गांव में कुत्ता एक मनुष्य का हाथ लेकर भाग रहा था। गांव के लोग मंजर देखकर चीख पड़े थे। कुत्ते का पीछा करते लोग गांव के पंचायत भवन परिसर में पहुंचे तो वहां तीक्ष्ण दुर्गंध आ रही थी। ग्राम प्रधान साधू शरण पांडेय ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिसर की तलाश की गई तो गन्ने की पत्तियों के नीचे बोरे में रखा शव मिला था। कई दिन पुराना होने के चलते शव से दुर्गंध उठ रही थी। मंगलवार को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर भूड़ाडीह गांव के शिव मंदिर के पास एक गेहूं के खेत मे कार्य कर रही महिलाओं को झोला दिखा। झोले में किसी का कटा हुआ सिर रखा था।
खबर मिलने पर एसओ कप्तानगंज श्याम लाल यादव पहुंचे और डाग स्क्वाड तथा खोजी कुत्ते को मौके पर लाया गया। खोजी कुत्ता खोपड़ी का गंध सूंघने के बाद पंचायत भवन होते हुए चिउरापाली गांव के दो घरों में गया। पुलिस संदेह के आधार पर इन दोनों घरों से एक-एक लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
सिर को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसओ श्यामलाल यादव ने बताया कि सिर मिलने के बाद मामले का पर्दाफाश जल्दी होने की उम्मीद है।