पडरौना। एक ही थाने पर दो बार कार्यरत रह चुके थानेदाराें के कार्यक्षेत्र में डीजीपी के आदेश पर शनिवार को फेरबदल कर दिया गया। इनमें दो ऐसे भी थानेदार बने हैं, जिन्हें जनपद में पहली बार यह अवसर मिला है।
एसपी दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि तरयासुजान के एसओ रहे सुजीत राय को सेवरही थाने की जिम्मेदारी दी गई है। सेवरही के एसओ संजय राय को तरयासुजान भेजा गया है। एसओ कसया ओपी राय को एसओ विशुनपुरा बनाया गया है, जबकि विशुनपुरा के एसओ विनय पाठक को कसया थाने की कमान सौंपी गई है।
हनुमानगंज के एसओ रहे श्रीप्रकाश यादव को एसओ कुबेरस्थान तथा कुबेरस्थान के एसओ राणा राजेश सिंह को जटहां बाजार का एसओ बनाया गया है। एसपी ने बताया कि जटहां बाजार के एसओ नीरज सिंह का स्थानांतरण बनारस के लिए हुआ है। उन्हें यहां से कार्यमुक्त कर दिया गया।
कप्तानगंज के एसओ जैसराज यादव को खड्डा थाने की जिम्मेदारी दी गई है तो एसओ खड्डा नवीन सिंह को स्वॉट टीम प्रभारी बनाया गया है। स्वॉट टीम प्रभारी शैलेश सिंह एसओ खड्डा बनाए गए हैं। दूसरे जनपद से आए चौथीराम यादव को एसओ कप्तानगंज बनाया गया है।
एसपी ने बताया कि शैलेश सिंह और चौथीराम यादव जनपद में पहली बार थाना संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। उधर, शनिवार की शाम डीआईजी रेंज शिवसागर सिंह ने पुलिस कार्यालय में सभी सीओ के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र विवेचना कर निस्तारित करें। बैठक में एसपी, एएसपी सहित सभी सीओ मौजूद थे।