पडराैना। रविवार की देर शाम छेड़खानी का आरोप लगाकर पीटा गया था फॉलोअप अमर उजाला ब्यूरो पडरौना/कुबेरस्थान। कसया थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की देर शाम आठ वर्ष की बालिका के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को आरोपी दरोगा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, देर रात घायल दरोगा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बालिका के पिता की तरफ से कसया थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पुलिस लाइंस में आमद किया गया एसआई तौफिक अहमद शनिवार को उनसे मिला था। उनके मकान में एक कमरा भाड़े पर लेने की इच्छा जाहिर की। इस पर वह एसआई को अपने घर लाए थे और मकान दिखाकर उसे छोड़ दिया। आरोप है कि दरोगा पुन: शाम को उनके घर पहुंचा। उस समय वह नशे में धुत था। उन्हाेंने उसे अपने कमरे में बैठा दिया और अपनी आठ वर्ष की बालिका को जलपान कराने की बात कहकर किसी काम से बाहर आ गए। आरोप है कि कमरे में बालिका को अकेली पाकर एसआई ने छेड़खानी शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर घर के लोग एकत्र हो गए। उनका कहना था कि भीड़ जुटते देख भागने की कोशिश में दरोगा फिसलकर गिर गया, जिससे उसे चोट लग गई। बालिका के पिता की तहरीर पर कसया पुलिस ने आरोपी दरोगा के विरुद्ध नाबालिग से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कसया के एसओ विनय कुमार पाठक का कहना था कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ नाबालिग लड़की से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है तथा पीड़ित का बयान दर्ज कराया जा रहा है। चूंकि आरोपी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।