कुशीनगर। जमीन बैनामा कराने तहसील पहुंचे क्रेता को चकमा देकर विक्रेता डेढ़ लाख रुपये लेकर चंपत हो गया। जाते समय उसने पेटदर्द का बहाना बनाया था। उधर, रुपये देकर खरीदार देर शाम तक उसके आने का इंतजार करते रह गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव पिपरा टोला निवासी छठिया देवी पत्नी अलगू का गांव के ही एक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ था। क्रेता और विक्रेता चार दिन पहले तमकुहीराज तहसील पहुंचे थे। वहां स्टांप लेकर सभी कागजात पूरे कर लिए गए। विक्रेता ने डेढ़ लाख रुपये भी ले लिया, लेकिन जब बयान देने का वक्त आया तो उसने पेटदर्द का बहाना बनाया और दवा खरीदने जाने की बात कहकर चला गया। इधर, क्रेता और अन्य लोग देर शाम तक उसके आने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह वापस नहीं आया। ठगी की शिकार हुई छठिया देवी ने विशुनपुरा थाने में तहरीर देकर रकम वापस दिलाने की मांग की है।