लक्ष्मीगंज (कुशीनगर)। मंगलवार की सुबह मिश्रौली रेलवे ढाले के समीप 32 वर्षीय युवक का शव मिला। शव की शिनाख्त खोटही गांव के खैरटिया गांव निवासी हरिलाल के रूप में हुई। युवक सुबह ही घर से निकला था। रामकोला पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थावे-कप्तानगंज रेलवे लाइन पर पगार गांव के मठिया बरघाट रेलवे क्रासिंग से करीब 300 मीटर पश्चिम तरफ रेलवे लाइन पर लोगों ने एक शव देखा। करीब सात बजे उधर घूमने गए लोगों ने शव देखकर शोर मचाया तो कुछ ही देर में अगल-बगल के गांवों के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था। शव मिलने की सूचना पर पहुंची रामकोला पुलिस ने आसपास छानबीन की तो वहां से आधार कार्ड मिला, जिससे शव की शिनाख्त खोटहीं गांव के खैरटिया टोला निवासी हरिलाल के रूप में की गई। सूचना पाकर घर के लोग भी पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर वालों के अनुसार हरिलाल सुबह ही घर से निकला था और कुछ देर बाद उसके मौत की सूचना मिली।