पडरौना। रामकोला रोड स्थित एक कैंटीन के बाहर मंगलवार की शाम करीब चार बजे खड़ी बाइक की डिकी तोड़कर 50 हजार रुपये चोरी हो गए। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने यहां लगे सीसी टीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। पुलिस सूत्रों का दावा है कि फुटेज से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
कसया थाना क्षेत्र के खरदेवा निवासी शिक्षक नेता अजय कुमार सिंह ने सुभाष चौक स्थित पीएनबी शाखा से 50 हजार रुपये निकाल कर अपनी बाइक की डिकी में रखी और रामकोला रोड स्थित एक कैंटीन पर पहुंचे। यहां कैंटीन के बाहर बाइक खड़ी कर वह कुछ मित्रों के साथ चाय पीने अंदर चले गए। दुकान में बैठे अजय की नजर बाइक पर पड़ी तो डिकी खुली होने का एहसास होते ही वे बाहर निकले। इतने कम समय में ही डिकी खोलकर रुपये चोरी हो गए थे। वहां मौजूद लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय व दुकानदारों से जानकारी लेने के बाद कैंटीन में लगे सीसीटीवी का फुटेज देखा। पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटेज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में कोतवाल का कहना है कि तहरीर मिल गई है। फुटेज व अन्य स्त्रोतों से जानकारी के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।