नेबुआ में पुलिस के गुस्से का शिकार युवक व विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के नेबुआ टोला में शुक्रवार को पहुंची पुलिस ने एक परिवार पर कहर बरपाया। घर में घुस कर महिलाओं और पुरुषों की पिटाई की। पीड़ित परिजनों और गांव के लोगों का आरोप है कि पिटाई से युवक बेहोश हो गया तो घबड़ाई पुलिस वहां से भाग खड़ी हुई। घायलों को लोग जिला अस्पताल ले गए। जबकि पुलिस मारपीट के आरोप को निराधार बता रही है।
शुक्रवार को लालबहादुर चौहान के घर दोपहर में एक पूर्व के मामले में पुलिस ने दबिश दी। ग्रामीणों व परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने परिवार के ओमप्रकाश चौहान (30), उसकी पत्नी मंती देवी (27) व मां बिगनी देवी के साथ मारपीट की। घटना में सभी को चोटें आईं, लेकिन ओमप्रकाश के बेहोश होने पर पुलिस कर्मी सहम गए और लौट गए। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से संयुक्त जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ितों का आरोप है कि जमीन संबंधी विवाद में दूसरे पक्ष ने गांव के एक व्यक्ति की शह पर युवक के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकद्दमा पंजीकृत कराया था। ग्रामीण अजीत चौहान, सतश्री, मोनुलाल, रामाशीष, रेशमी देवी, विजमी व राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में घुसकर पिटाई की। जब ओमप्रकाश बेहोश हो गए तो पुलिस भाग गई। एसओ सुनील सिंह ने बताया कि युुुवक पर गंभीर आरोप में मुकदमा दर्ज है। उसी की जांच में पुलिस गई थी। पुलिस पर मारने-पीटने के आरोप निराधार हैं।