पडरौना। हाटा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लुटेरों के गिरोह के नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक, कट्टा कारतूस और 46 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने कई घटनाओं को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकार की।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने सोमवार को बताया कि एएसपी हरिगोविंद मिश्र के पर्यपेक्षण और सीओ कसया ओमपाल सिंह की अगुवाई में सुबह हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने मातहतों के साथ हाटा के देवरिया मोड़ से गुजर रहे तीन बाइक पर सवार नौ संदिग्ध व्यक्तियों का पीछा किया। बदमाशों ने अपने बचाव में पुलिस पर फायर झोंक दिया, लेकिन पुलिस खुद का बचाव करते हुए घेरेबंदी की। जिसमें सभी नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वह जगह- जगह डेरा डालकर रहते हैं। वर्तमान में देवरिया शहर में अपना डेरा डाले हुए हैं। लूट,चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओ को अंजाम देने में अभ्यस्त हो चुके है। एसपी ने बताया कि इनके कब्जे से चोरी के 46 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
बरामद रुपये अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के सितुहिया गांव के नवासी रामविलास यादव के थे, जिसे 28 सितंबर को बाइक की डिकी से चुराया था। इन बदमाशों ने दो अक्टूबर को सुकरौली में केवली देवी से छह हजार रुपये की छिनैती की थी। 20 दिन पूर्व कप्तानंगज में बाइक में टंगे झोले से 49000 रुपये की चोरी की बात स्वीकार की। बदमाशों ने यह भी कुबूल की किया लूट या चोरी के बाद बाइक के नंबर बदल देते थे। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान मुकेश सिंह व केन्हुर सिंह निवासी पिथोराबाद, जनपद सतना, मध्य प्रदेश, बलराम मोगिया निवासी खड़िया नाला कस्बा रेंज मुंगावली थाना माडरपुर जिला अशोकनगर, मध्य प्रदेश,चोखू निवासी काछी बड़खेड़ा थाना मादरपुर जिला अशोकनगर मध्यप्रदेश, रविंद्र निवासी काछी बड़खेडा थाना मादरपुर जिला अशोकनगर मध्यप्रदेश, किशनलाल निवासी संज्ञेयपुर थाना मेरोनी जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश, फिरोज निवासी प्रकाशनगर दुर्गापुर थाना देहाती जिला दतिया मध्यप्रदेश, ओमप्रकाश बहेलिया निवासी कोडी थाना नागौर जिला सतना मध्यप्रदेश और अफजेन निवासी काछी बड़खेडा थाना मादरपुर जिला अशोकनगर मध्यप्रदेश के रूप में हुई। इन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में हाटा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय, एसआई महेंद्र कुमार चतुर्वेदी, निरंजन राय, रविंद्र यादव, कांस्टेबल ऋषि पटेल, सोहित कुमार, गोविंद यादव, रामविलास बिंद और विनय कुमार शामिल थे। एसपी ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई।
राकेश कुमार गौड