जाम कर रहे लाेगाें को समझाती पुलिस।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पिपरा कनक (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के शिवसरेया मंदिर के निकट ईट लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। गांववालों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तमकुहीरोड-समऊर बाजार मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने चालक को समऊर बाजार चौकी पर भेज दिया और उसके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के हरपुर बाजार निवासी तेजू मियां का दस वर्षीय पुत्र इम्तियाज रविवार की सुबह करीब पौने आठ बजे साइकिल से शिवसरेया की तरफ जा रहा था। अभी वह घर से करीब 400 मीटर आगे बढ़ा था कि सामने से आ रही ईट लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद नाराज लोगों ने ट्रैक्टर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। परिवार के लोग और गांववाले बालक को लेकर आनन फानन में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। इम्तियाज अपने माता पिता की इकलौती संतान था।
इस घटना से नाराज गांववालों ने चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर तमकुहीरोड-समऊर बाजार मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर समऊर बाजार पुलिस चौकी के इंचार्ज संजय सिंह ने ट्रैक्टर ट्राली और चालक को पुलिस चौकी पर भेजवा दिया। उसके बाद सड़क जाम कर रहे गांववालों को चालक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत कराया। तब जाकर उस मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ।