फाजिलनगर (कुशीनगर)। दीपावली की रात फाजिलनगर के कॉलेज रोड स्थित श्रृंगार की एक दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में रखे सभी सामान जल गए। दुकानदार ने बताया कि इस आगलगी में करीब 12 लाख रुपये का सामान जला है। फाजिलनगर निवासी दीनानाथ श्रीवास्तव की कॉलेज रोड पर सौंदर्य प्रसाधन की दुकान है। दीपावली के अवसर पर देर शाम पूजा पाठ कराने के बाद वह दुकान बंदकर घर चले गए। रात के करीब 12 बजे बाजार का कोई व्यक्ति उधर से गुजर रहा था। उसने दुकान से धुंआ उठते देख दुकान मालिक को सूचना दी, लेकिन जब तक वह पहुंचें, दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। इसकी जानकारी होने पर क्षेत्रीय विधायक गंगासिंह कुशवाहा सहित कई लोगों ने पहुंचकर दुकानदार को सांत्वना दी।