बेहतर पुलिसिंग के लिए संपर्क सूत्र बढ़ाएं : एसपी
प्रशिक्षण प्राप्त कर आए 313 पुलिस कर्मियों को मिली थानों पर तैनाती
समय का सदुपयोग और हाईटेक सिस्टम से जुड़ कर करें कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। विभिन्न जनपदों से प्रशिक्षण प्राप्त कर कुशीनगर जिले में आए 313 पुलिस कर्मियों को एसपी ने थानों पर तैनाती दे दी। तैनाती पाने वाले पुलिस कर्मियों में 254 पुरुष कांस्टेबल और 59 महिला कांस्टेबल शामिल है। गुरुवार को थानों पर रवाना होने से पूर्व एसपी ने पुलिस कर्मियों को पुलिसिंग और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
एसपी राजीव नारायन मिश्र ने कहा कि पुलिस कर्मी पर जनता की सुरक्षा का दायित्व होता है। जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें और अपने संपर्क बढाए। फोन पर कभी भी काम के अलावा बिना मतलब की बातें न करें। जहां कहीं ड्यूटी लगे ,अपने दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें। अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और सदैव अनुशासित रहें। पुलिस की मदद करने वाले और निर्दोषों की मदद करें और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में संकोच न करें। उत्तर प्रदेश पुलिस अनुशासित फोर्स है और उसकी गरिमा को बनाए रखे। एसपी ने बताया कि थानों पर पहली तैनाती है और यह सीखने का समय है। बीट पुलसिंग को सीखे और बीट पुस्तिका को भी प्रतिदिन दुरुस्त रखें। नियम और व्यवहार के फर्क को समझे और उसी के दायरे में रख कर काम करें तो सदैव सफलता मिलती ही रहेगी।