सेवरही। सेवरही थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात्रि दो परिवारों के इकलौते बेटों की मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। चारों तरफ चीख पुकार से हर किसी की आंखें नम हो गईं। एक युवक की मौत गंभीर बीमारी से हुई तो दूसरे की मौत सर्पदंश से बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे गांव का माहौल गमगीन था। शनिवार की देर शाम सेवरही थाने के गांव बनरहा पूरब पट्टी के रहने 30 वर्षीय शंभू की मौत घर पर गंभीर बीमारी के कारण हो गई। वहीं बहन की शादी के लिए लखीमपुर खीरी कमाने गए बंधू प्रसाद (32) की मौत सर्पदंश से हो गई। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। दोपहर बाद नहर किनारे शंभू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं मृतक बंधू का शव लाने गांव वाले लखीमपुर खीरी गए हुए हैं। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले वह अपनी इकलौती बहन गीता की शादी के लिए कमाने गया था। शनिवार को एक फैक्टरी से काम करने के बाद निकलते वक्त उसे किसी सर्प ने डंस लिया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्राम प्रधान गोपाल शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर दोनों परिवारों को मदद दिलवाए जाने की प्रशासन से मांग की है। तमकुहीराज के एसडीएम प्रमोद कुमार ने पीड़ितों को सभी प्रकार की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।