आपस में भिड़े मालवाहक, घंटों लगा रहा हाईवे पर जाम
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीराज। रविवार की देर शाम एनएच के ओवरब्रिज पर आमने-सामने दो भारी वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। मालवाहक के आपस में भिड़ने के कारण हाईवे जाम हो गया। इसके बाद चालक अपने वाहन सर्विसलेन से होकर निकालने लगे। कुछ ही देर में सर्विस लेन भी जाम की भेंट चढ़ गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने टोल प्लाजा से क्रेन मंगाकर दोनों गाड़ियों को सड़क से हटवाया, तब जाकर आवागमन शुरू हो सका। तरयासुजान थाना क्षेत्र के तमकुहीराज स्थित ओवरब्रिज पर रविवार की देर शाम करीब साढ़े छह बजे एक ही लेन पर गुवाहाटी से दिल्ली जा रहा कंटेनर और हैदराबाद से छपरा जा रहा एक अन्य भारी वाहन आपस में ही टकरा गए। बताया जा रहा है कि एक लेन पर मरम्मत का कार्य होने के कारण सिर्फ एक ही लेन से आवागमन हो रहा था। मालवाहकों के आपस में भिड़ंत के बाद दूसरा लेन भी बंद हो गया। इसके बाद गाड़ियां ओवरब्रिज के नीचे सर्विस लेन से होकर जाने लगी। यहां भी सवारी गाड़ियों के खड़े होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे चौकी प्रभारी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने टोल प्लाजा से क्रेन मंगाकर दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।