कप्तानगंज (कुशीनगर)। एसडीएम की अगुवाई में आबकारी और पुलिस टीम ने बृस्पतिवार को भोर में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भूड़ाडीह व पचार और अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोहरौना मैं छापेमारी की। इन जगहों से कुल 120 लीटर कच्ची शराब पकड़ी गई। 10 क्विंटल लहन भी नष्ट किया गया। कच्ची शराब बनाने व बेचने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को जेल भेजा है।
एसडीएम त्रिभुवन और आबकारी निरीक्षक रमेश चंद पांडेय, एसओ कप्तानगंज श्यामलाल यादव और एसओ अहिरौली बाजार मोहम्मद रशीद खान अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव में पहुंचे। पुलिस के गांव में जाते ही कच्ची शराब के धंधे बाजों में खलबली मच गई। सोहरौना गांव से 50 लीटर कच्ची शराब, लहन और शराब बनाने का उपकरण मिला। कप्तानगंज थाना के ग्राम सभा भुडाडीह के एक मकानों में रखे 40 लीटर कच्ची शराब और लहन रखा मिला। इसके अलावा पचार में 30 लीटर कच्ची शराब और लहन मिला।
इस दौरान एसआई विजय कुमार, एसआई परमात्मा, लेखपाल शिवमुरारी श्रीवास्तव, अमित सिंह, अनिल सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, सुनैना कन्नौजिया, सलाम कुरैशी, भीमशंकर राय आदि मौजूद रहे। एसडीएम त्रिभुवन ने कहा कि कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।