कप्तानगंज। थाने में अक्सर फरियादियों को फटकार लगाई जाती है, कुछ मामले में पुलिस अपना तेवर दिखाकर सुलह समझौता कराती है। वहीं रविवार को कप्तानगंज थाने में जो हुआ, वह चर्चा का विषय रहा। मोबाइल गायब होने की दरख्वास्त लेकर थाने में पहुंचे एक बुजुर्ग की व्यथा सुनकर एसओ ने नया एंड्रायड मोबाइल देकर भेजा। यह देख अन्य फरियादियों ने एसओ के इस कार्य की सराहना की। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर गांव के निवासी 70 वर्षीय आगा मोहम्मद युसुफ का मोबाइल कुछ दिन पहले कहीं गायब हो गया। रविवार को वह थाने पर पहुंचकर सिम निकलवाने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपे। बुजुर्ग को देखकर एसओ श्यामलाल यादव ने उनकी व्यथा सुनी। बुजुर्ग का मोबाइल गायब होने की बात जानकर उन्होंने नया एंड्रायड मोबाइल देकर घर भेजा।