साइबर सेल की सतर्कता से वापस मिली रकम
जालसाज ने 21 बार में 1.33 लाख निकाल कर आन लाइन कैश इकट्ठा किया था
एसपी ने साइबर सेल के पुलिस कर्मी की तारीफ की
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। साइबर सेल की सक्रियता से महिला के खाते से निकाली गई रकम आ गई। एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पीड़िता सती देवी पत्नी उमेश निवासी अहिरौली बाजार ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि उसके पंजाब नेशनल बैंक के बचत खाते से किसी ने एक लाख तैंतीस हजार रुपये निकाल लिया है। जांच साइबर सेल को सौंपी गई। साइबर सेल की जांच पड़ताल में पाया गया कि पीड़िता सती देवी के खाते से आधार जनित फिंगर प्रिंट के माध्यम से 5000-10000 रूपये बारी- बारी से करीब 21 बार में कुल 133000 रूपये निकाल कर आनलाईन कैश बैलेट (मेक माई ट्रिप) में कैश को इकट्ठा कर लिया गया था। साइबर सेल के जरिए उक्त आनलाईन कैश बैलेट को फ्रीज कराते हुए बैलेट में मौजूद 133000 रूपये फरियादी सती देवी के पंजाब नेशनल बैंक के बचत खाते में वापस करा दिया गया। इस कार्य को आरक्षी अनिल कुमार यादव साइबर सेल द्वारा संपादित किया गया।एसपी ने बताया कि साइबर फ्राड से बचने के लिए अपने आधार कार्ड का उपयोग व फिंगर प्रिंट का उपयोग जैसे-( सिम आदि लेते समय/ जनसेवा केंद्र से पैसा निकालते समय) बहुत ही सावधानी पूर्वक करना चाहिए। जैसे फिंगर प्रिंट देते समय आवश्यक रूप से स्वयं जांच पड़ताल कर लेना चाहिए कि जिस मशीन पर हम अपना फिंगर प्रिंट दे रहे हैं, उस पर पतले रबर जैसे वस्तु या पाउडर का लेपन तो नहीं किया गया है। यदि इस तरह किसी भी प्रकार का शक हो तो ऐसी जगह पर अपना फिंगर प्रिंट कदापि न दें। तत्काल अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी सूचना दें।