मोबाइल की बैट्री फटने से कमरे में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
कुबेरस्थान। थाना क्षेत्र के बतरौली बाजार निवासी सगीर आलम के घर में रखी मोबाइल की बैट्री शनिवार की शाम करीब चार बजे तेज आवाज के साथ फट गई। इससे कमरे में आग लग गई। कमरे में रखा सूटकेस, मोबाइल, कपड़े तथा अन्य सामान जल गए। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
बतरौली बाजार निवासी सगीर आलम मुंबई में मजदूरी करते हैं और उसी से परिवार का भरण-पोषण चलता है। परिवार के अन्य सदस्य गांव पर ही उनकी निजी मकान के एक कमरे में रहते हैं। उसी कमरे में बने बर्जे पर उनके परिवार के सदस्यों ने मोबाइल तथा मोबाइल की कुछ बैट्रियां रखी थीं।
शनिवार को अचानक तापमान अधिक होने के कारण कमरे के बर्जे पर रखी मोबाइल की बैट्री ब्लॉस्ट हो गई और कमरे में रखे घरेलू सामानों में आग पकड़ लिया। इससे कमरे में रखे सूटकेस, मोबाइल, कपड़े तथा अन्य सामान धू धू कर जलने लगे। परिवार के लोग बाहर छांव में बैठे थे। खिड़की से धुआं निकलता देख परिवार के लोगों को कुछ आशंका हुई तो वे अंदर कमरे में गए। अंदर का नजारा देख शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। करीब आधा घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने आग को पूरी तरह बुझाया, लेकिन तब तक उस कमरे में रखे सूटकेस, मोबाइल, कपड़े तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।