कप्तानगंज। बोदरवार में लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस से हुई झड़प के मामले में 15 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
शुक्रवार की एसओ की ओर से साउंड सिस्टम बंद कराने के लिए तार तोड़ने और युवकों की पिटाई करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने भेज देने के बाद माहौल बिगड़ गया था। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के बोदरवार में स्थापित लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन सखवापार पुल पर करने के बाद लोग वहां से लौट रहे थे। उनके वाहन पर लगाया गया साउंड सिस्टम बज रहा था। आरोप है कि इस दौरान एसओ जैसराज ने वाहन को रोक कर डीजे का तार तोड़ते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया।
इतना ही युवकों की पिटाई की और ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने भिजवा दिया। इसके बाद एसओ बोदरवार बाजार में पहुंचे तो वहां भी लक्ष्मी प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रहे एक वाहन में साउंड सिस्टम लगा मिला। एसओ ने डीजे बजाने से मना करते हुये तार तोड़ दिया तो युवक भड़क गए। इसी बीच चौकी इंचार्ज भी पुलिस के जवानों के साथ पहुंच गए, वहां युवकों से झड़प और मारपीट भी हुई। इससे नाराज युवकों ने सड़क जाम कर दिया।
जाम की सूचना पर लगभग दो घंटे बाद पहुंचे सीओ विनय कुमार सिंह ने युवकों को समझाया और रात में ही विसर्जन कराया। प्रतिमा विसर्जन के बाद एसआई शंभू सिंह की तहरीर पर मिथिलेश मद्धेशिया, विक्की, अभिषेक, विशाल, रवि, अभय पटेल सहित 15 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस नेे केस दर्ज किया है।