कसया। ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भूदेवपुर में तैनात प्रधानाध्यापिका ने बीईओ को पत्र देकर शिक्षामित्र के पति सहित गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रधानाध्यापिका मनोरमा शर्मा ने कहा है कि बृहस्पतिवार को विद्यालय पर तैनात शिक्षामित्र अपने पति व एक अन्य प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र के साथ पहुंचीं और विवाद करने लगीं। उसे जान से मारने की धमकी दी। इस वजह से पुलिस भी बुलानी पड़ी थी। पत्र में लिखा है कि इसकी जानकारी न्याय पंचायत समन्वयक को भी दी गई है।
उनका कहना है कि विवाद की वजह 19 मार्च को शिक्षामित्र का आकस्मिक अवकाश दर्ज करना है। प्रधानाध्यापिका ने विद्यालय की जांच कर तथ्यों से अवगत होने की मांग की है। बीईओ अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि मामला संज्ञान में है। शिकायत मिली है,जिसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।