ढाढ़ा (कुशीनगर) । हाटा कोतवाली के सुकरौली पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार को बालू लदी गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुकरौली पीएचसी से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सुबह कसया की ओर से गोरखपुर की ओर जा रही बालू लदी गाड़ी तितला गांव स्थित सुकरौली पुलिस चौकी के पास अनियंत्रित हो गई। उस वक्त सड़क के किनारे बाइक पर खड़े दो लोग इसकी चपेट में आ गए। बालू लदी गाड़ी डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बालू लदी गाड़ी का चालक भाग गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल बाइक सवारों को सुकरौली पीएचसी भेजा। घायल बाइक सवार मारकंडेय सिंह निवासी अशोकवा ढेकुलिया थाना पटहेरवा और प्रमोद सिंह निवासी बंजरिया थाना तरकुलवा जिला देवरिया को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।