िजला पंचायत सदस्य के अपहरण की सूचना पर मौके पर जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिलनगर-बघौच मोड़ के पास सोमवार रात 9:45 बजे सफेद स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य विजय यादव (45) को असलहे के बल पर अगवा कर लिया। भलुहीं गांव निवासी विजय बाइक से थे। बदमाशों ने उनके साथ बाइक पर मौजूद युवक को छोड़ दिया और उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर ले गए।
यह बात थोड़ी ही देर में पूरे इलाके में फैल गई। जिला पंचायत सदस्य के समर्थक और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। समर्थक और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से विजय यादव को तत्काल ढूंढकर कर वापस लाने की मांग करते हुए हाईवे जाम कर दिया। जैसे से पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, नाराज लोगों ने गाड़ी पर पथराव भी कर दिया। जिससे गाड़ी का शीशा भी टूट गया। पुलिस देर रात तक ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करने की कोशिश में जुटी रही। लोगों का कहना था कि मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है। ऐसे में राजनीतिक साजिश के तहत जिला पंचायत सदस्य का अपहरण किया गया है। यह घटना पुलिस-प्रशासन के दावों पर सवाल है।
विजय यादव जिला पंचायत सदस्य होने के साथ ही सपा के फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष भी हैं। वे सोमवार की रात अपने साथी वीरेंद्र के साथ बाइक से फाजिलनगर से घर जा रहे थे। जैसे ही लोग बघौच मोड़ के पास पहुंचे, स्कॉर्पियो सवार बदमाश जिला पंचायत सदस्य को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना के वक्त मौके पर मौजूद वीरेंद्र का आरोप है कि सफेद स्कॉर्पियो सवार पांच-छह लोग जिला पंचायत सदस्य विजय यादव को अगवा कर कसया की ओर लेकर भाग निकले। इधर परिजनों ने भी तमाम तरह की आशंका जाहिर की है।
जिला पंचायत सदस्य विजय यादव के परिजन उनका अपहरण किए जाने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन अभी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है और न ही किसी ने इस मामले में तहरीर दी है। एसओ पटहेरवा को जांच कर कार्रवाई करने और सदस्य को बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जाम खत्म कराने का भी प्रयास कर रही है। - अशोक कुमार पांडेय, एसपी