कसया। निजीकरण के फैसले के विरोध में भाकपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर दक्षिणांचल व पूर्वांचल विद्युत वितरण निगमों को निजी हाथों में सौंपने का फैसला वापस लेने की मांग की। मंत्री कामरेड अयोध्या लाल श्रीवास्तव ने कहा कि इससे विद्युत मूल्य बढ़ जाएगा और कर्मचारियों की छंटनी भी होगी। ज्ञापन में बिजली बिल विधेयक 2022 वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने, जर्जर तार, पोल, ट्रांसफार्मर बदलने, गलत रीडिंग दे रहे मीटरों को बदलने, विभाग में रिक्त पदों को भरने, संविदा कर्मियों को नियमित करने, सरकार द्वारा बिजली विभाग में छह माह तक हड़ताल पर रोक के अलोकतांत्रिक आदेश को वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान कैलाश गिरी, राजेंद्र सिंह, जवाहर शर्मा, केदार सिंह, शंभू चौहान, महमूद अंसारी आदि मौजूद रहे। संवाद