निकाय चुनाव की मतगणना आज : तीन नगरपालिकाओं और दस नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 151 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों से आएंगे बाहर
सभासद के 1,703 प्रत्याशियों का चुनाव परिणाम भी होगा घोषित
इस साल के निकाय चुनाव में 64.11 प्रतिशत मतदाताओं ने किया था मतदान
आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना
मतगणना सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए
प्रत्येक मतगणना पेज पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, तीन मतगणना सहायक और एक अतिरिक्त मतगणना सहायक किए गए हैं तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर निकाय चुनाव के लिए प्रथम चरण के मतदान के बाद से परिणाम का इंतजार अब खत्म हो गया है। शनिवार को जिले के सभी मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी और उसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। जिले की तीन नगरपालिकाओं और 10 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 151 और सभासद के 1,703 प्रत्याशियों का चुनाव परिणाम चार मई से ही मतपेटियों में बंद है।
मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। मतगणना स्थल पर जिले के कुल 611 बूथों पर पड़े वोटों की मतगणना होगी। इसके लिए कुल 310 टेबल बनाए गए हैं। इसमें 155 अध्यक्ष और 155 काउंटर पर सभासद के लिए पड़े मतों की गणना होगी। मतगणना चार से पांच राउंड में होगी। मतगणना स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले की पुलिस के अलावा पर्याप्त संख्या में एसएसबी और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
कुशीनगर जिले में पडरौना, कुशीनगर और हाटा समेत तीन नगर पालिका परिषद और 10 नगर पंचायतें हैं। इस बार के नगर निकाय चुनाव में कुल 5,49,607 मतदाता थे। इनमें 2,85,928 पुरुष और 2,63,679 महिला मतदाता थीं। नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभासद के लिए बीते चार मई को हुए प्रथम चरण के मतदान में जिले के 611 बूथों पर 1,71,958 पुरुष और 1,80,408 महिलाओं सहित कुल 3,52,366 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को संबंधित निकाय क्षेत्र में बने स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया था। इन मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।
शनिवार की सुबह आठ बजे से इन बूथों पर पड़े वोटों की गिनती होगी। इसके लिए निकायों में कुल 310 मेज लगाए गए हैं। अध्यक्ष और सभासद के मतों की गणना के लिए 155-155 मेज लगे हैं। प्रत्येक मेज पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, तीन सहायक मतगणना सहायक और एक अतिरिक्त सहायक समेत कुल पांच मतगणना कार्मिक तैनात किए गए हैं।
मतगणना के लिए रिजर्व समेत कुल 1,900 मतगणना कार्मिकों की लगी ड्यूटी-
जनपद की तीन नगरपालिका और दस नगर पंचायतों में इस बार के नगर निकाय चुनाव में कुल 5,49,607 मतदाता थे। इनमें 2,85,928 पुरुष और 2,63,679 महिला मतदाता थीं। चार मई को हुए प्रथम चरण के मतदान में 1,71,958 पुरुष और 1,80,408 महिलाओं सहित कुल 3,52,366 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
मतदान के बाद सभी मतपेटियों को संबंधित निकाय क्षेत्र में बने स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया था। इन मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। मतगणना स्थल पर बांस और बल्लियों के सहारे बैरिकेडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। मतगणना टेबल के पास लोहे की जाली लगा दी गई है। इस जाली के बाहर से ही चेयरमैन और सभासद के उम्मीदवार और उनके अभिकर्ता मतगणना की निगरानी कर सकेंगे।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बताया कि वोटों की गिनती के लिए मतगणना स्थलों पर कुल 310 मेज लगाए गए हैं। इनमें 155 अध्यक्ष और 155 मेज पर सभासदों के मतों की गणना होगी। इसके लिए मतगणना और रिजर्व ड्यूटी को मिलाकर करीब 1,900 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मेज पर पांच कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
मतगणना के दौरान 1,900 कार्मिकों की हुई तैनाती
मतगणना के लिए रिजर्व समेत जिले भर में कुल 380 मतगणना सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इतने ही मतगणना अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सहायक मतगणना अधिकारी समेत कुल 1,900 मतगणना कार्मिक तैनात किए गए हैं। इन सभी कार्मिकों को प्रशिक्षित कर उनके दायित्वों का बोध करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सबसे पहले रंगों के आधार पर बैलेट पेपर की छंटाई की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी वार 50-50 की संख्या में बैलेट पेपर के बंडल बनाए जाएंगे। 50 से कम का एक अलग बंडल बनाया जाएगा। इसके अलावा जो अस्वीकृत मत हैं, उनके भी अलग बंडल तैयार होंगे। बंडल तैयार होने के बाद उसकी गिनती शुरू की जाएगी।
-जगदीश त्रिपाठी, पीडी, कुशीनगर
मतगणना स्थल पर इन्हें मिलेगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर मतगणना कार्मिक, राज्य निर्वाचन आयोग या जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से अधिकृत व्यक्ति, निर्वाचन के संबंध में कर्तव्यरूढ़ लोक सेवक, उम्मीदवार या उसके निर्वाचन अभिकर्ता या उसके मतगणना अभिकर्ता में से एक समय में एक व्यक्ति ही प्रत्येक मतगणना मेज पर रहेंगे।
इन मतपत्रों को किया जाएगा अस्वीकृत
निर्वाचक की पहचान प्रदर्शित करने वाला मतपत्र
एक से अधिक उम्मीदवार के पक्ष में दिया गया मत पत्र
मत अंकित किए बिना डाला गया मत पत्र
चुनाव चिह्न को विभाजित करने वाली रेखा के मध्य अंकित किया गया मतपत्र
इन मतपत्रों को नहीं किया जाएगा रद्द
एक ही अभ्यर्थी के खाने में एक से अधिक चिह्न लगा होने पर
एक ही अभ्यर्थी के खाने में एक स्पष्ट चिह्न के अतिरिक्त छायाकृत क्षेत्र में भी चिह्न लगा होना।
एक ही अभ्यर्थी के खाने में अंशत: लगा है तथा उसका शेष भाग गायब होने पर
चिह्न एक ही अभ्यर्थी के खाने में है, लेकिन चिह्न या धब्बा किसी अन्य अभ्यर्थी के खाने में है।