कसया। मारपीट के दौरान चाकूबाजी में घायल सभासद के पति की लखनऊ केजीएमयू में इलाज के दौरान शनिवार की सुुबह मौत हो गई। उनका दो माह से इलाज चल रहा था। मौत की खबर मिलते ही सभासद के दरवाजे पर भीड़ जुट गई। केस दर्ज कर एक आरोपी को पुलिस जेल भिजवा चुकी है। मौत की खबर मिलने के बाद पुलिस सतर्क है।
नगर के वार्ड नंबर 23 माधवपुरम नगर डिघवा खुर्द की सभासद कमलावती देवी के पति कमलेश शर्मा 19 नवंबर 2023 की रात अपने वार्ड में एक शख्स के यहां छठ पर्व पर भोजन करने गए थे। वहां मौजूद मोहल्ले के रामप्रवेश शर्मा से किसी बात पर विवाद हो गया था। आरोप है कि मारपीट के दौरान रामप्रवेश ने चाकू निकाल कर पेट और सिर पर वार कर दिया था। गंभीर रूप से घायल कमलेश शर्मा को लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। हालत नाजुक बताकर डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। कुछ देर इलाज के बाद वहां से डॉक्टरों ने लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया था। शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि सभासद की तहरीर पर घटना के बाद हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी को जेल भिजवा दिया गया है। घायल की मौत की जानकारी मिली है। विवेचना में धाराओं की बढ़ोतरी कर ली जाएगी।