- सभासदों ने कहा- अध्यक्ष, सभासदों से बिना पूछे बोर्ड बैठक की तिथि तय कर दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर पालिका परिषद पडरौना में अध्यक्ष और सभासदों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। सोमवार को होने वाली बोर्ड की बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर दिया। अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाते हुए वार्डों में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया। शाम 4 बजे तक सभासदों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सभासद नहीं पहुंचा। राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा रही।
पडरौना नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक सुबह 11 बजे से सोमवार को होना प्रस्तावित था, लेकिन कोई सभासद नहीं पहुंचा। इसकी जानकारी होने पर जिम्मेदार सभासदों से संपर्क करने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन सभासदों ने बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर नगर पालिका अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। सभासद अनिल कुमार ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष सभासदों या सभासद संघ के अध्यक्ष से बिना पूछे बोर्ड बैठक की तिथि तय कर दिया जाता है।
नगर के वार्डों में विकास कार्य भी नहीं कराया जा रहा है। जो भी योजनाएं बनाई जा रही हैं वह पूरी नहीं की जा रही हैं। इसके अलावा अन्य कई मामले हैं। सभासदों और अध्यक्ष के आपसी मनमुटाव में नगर पालिका परिषद के बोर्ड की बैठक नहीं हो सकी। सोशल मीडिया पर सभासदों के पनियहवा और बाल्मीकिनगर में नाव पर घूमने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
बोर्ड बैठक की बहिष्कार करने वाले सभासद संघ के जिलाध्यक्ष अनिल जायसवाल, श्याम साहा, अरूण कुशवाहा, छोटे कुशवाहा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, करीम, आमंतुल्लाह, प्रमोद श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, उत्तम चौहान, बबलू खरवार, पीयूष सिंह, गोलू, सोनू कुशवाहा, संतोष मद्देशिया, बलवंत सिंह, मोनू सिंह, चंदन जायसवाल, कयामुद्दीन शामिल रहे।
कोरम के अभाव में नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। सभासदो का आरोप निराधार है। यह कोई बड़ा मामला नहीं है, बोर्ड की बैठकें टलती रहती हैं। ईओ ने भी अनिश्चितकाल के लिए बोर्ड बैठक स्थगित करने का पत्र जारी किया है। - विनय जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष, पडरौना