पडरौना (कुशीनगर)। हज पर जाने वाले यात्रियों को कोरोनारोधी टीका लगवाना अनिवार्य कर दिया गया है। वह भी उड़ान से एक माह पहले। इसके लिए राज्य हज समिति लखनऊ की तरफ से कई अन्य दिशानिर्देश दिए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन ने शुक्रवार को बताया कि हज यात्रियों का ऑनलाइन आवेदन दस फरवरी से चल रहा है। ये 10 मार्च तक जारी रहेगा। हज यात्रा के आवेदकों को हज पर जाने की अनुमति तभी मिलेगी, जब उनके पास निर्धारित समय में टीका लगवाने का प्रमाणपत्र होगा। उन्होंने बताया कि हज-2023 के लिए अभी अंतिम रूप से कुल खर्च का निर्धारण नहीं हुआ है। अभी प्रथम किस्त 81,500 रुपये व द्वितीय किस्त 1,70,000 रुपये की जानकारी है। तीसरी व अंतिम किस्त की सूचना बाद में दी जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
जनपद से हज के लिए आवेदन करने वाले लोग आवश्यक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7310103543 पर संपर्क कर सकते हैं। हज यात्रियों की सुविधा के लिए एक हज फैसिलिटेशन सेंटर पडरौना के जमालपुर स्थित मदरसा फैजुल उलूम दा.त. इस्लामिया में खोला गया है। इसके अलावा हज कमेटी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट हज कमेटी डॉट जीओवी डॉट इन अथवा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यालय से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।