हाटा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की लड़की का धर्मांतरण कराकर शादी करने के बाद मारपीट करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस चेन्नई जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को पकड़ेगी और लड़की को लाएगी। लड़की ने अपने पिता से बचाने की गुहार लगाई थी जिसके बाद से उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हाटा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक लड़की को उसी के गांव के रहने वाले दूसरे समुदाय के एक लड़के ने पहले प्रेम के जाल में फंसा कर प्रेम विवाह कर लिया था और उसे लेकर चेन्नई चला गया था। इस मामले में लड़की के पिता ने हाटा कोतवाली पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन पुलिस ने न तो लड़की को बरामद किया और न तो इस मुकदमे में विधिक कार्रवाई पूरी की। अब तीन महीने बाद लड़की ने फोन करके अपने पिता को बताया कि उसका प्रेमी उसे मारपीट रहा है और उसकी जान को खतरा है। इस पर लड़की के पिता ने हाटा कोतवाली पुलिस को एक बार फिर से प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।