हाटा। रोडवेज बस स्टेशन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि के सीमांकन में अगल-बगल काश्तकारों के फांस को सुलझाने के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस टीम के साथ राजस्व टीम ने पैमाइश की। बस स्टेशन निर्माण के लिए चिह्नित भूमि को लेकर अगल-बगल के काश्तकारों ने आपत्ति जताई थी। समाधान के लिए राजस्व टीम ने पहले कई बार उस जमीन की पैमाइश की थी, लेकिन बात नहीं बन पाने की वजह से रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
समस्या का समाधान कराने के लिए बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार सुनील सिंह की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने काश्तकारों की मौजूदगी में फिर से जमीन की पैमाइश की। जो जमीन चिह्नित की गई उस पर काश्तकार फिर राजी नहीं हुए। काश्तकारों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर उनकी जमीन की चौड़ाई कम हो रही है। जबकि राजस्व विभाग ने बताया कि काश्तकारों का पूरा रकबा उन्हें नाप कर दिया जा रहा है। शेष जमीन नगर पालिका की है जो रोडवेज को नगर पालिका की ओर से सौंप दी गई है। उस पर बस अड्डा बनना है। उसके लिए शासन की ओर से धन भी अवमुक्त कर दिया गया है। फिर हाल जमीन की पैमाइश के बाद सहमति नहीं बनने पर काश्तकारों को एसडीएम और तहसीलदार ने तहसील कार्यालय पर बुला कर बातचीत की। समाचार लिखे जाने तक एसडीएम कार्यालय में राजस्व विभाग और काश्तकारों के बीच बातचीत चल रही है।