पडरौना। डीएम विशाल भारद्वाज ने सोमवार की दोपहर राजकीय मेडिकल कॉलेज हरका (रामपुर) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने सभी फ्लोर के कमरों को देखा। उन्होंने पुस्तकालय, फायर कंट्रोल रूम, डाइनिंग हॉल का भी जायजा लिया। अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उनके साथ प्राचार्य डॉ. आरके शाही भी मौजूद रहे।
डीएम ने प्रत्येक फ्लोर पर बने सभी कमरों, पुस्तकालय, मल्टी प्रयोज्य रूम, शौचालय, डाइनिंग हॉल, फायर कंट्रोल रूम, लैब, डाइनिंग हॉल, मेस एरिया, रीडिंग रूम को देखा। उन्होंने कार्यदायी संस्था पीएसपी प्रोजेक्ट लिमिटेड के कर्मचारियों व अवर अभियंता से एकेडमिक ब्लॉक, पार्किंग एरिया, कंप्यूटर रूम, मल्टी प्रयोज्य लाइब्रेरी, हिस्टोलिजी लैब रूम, पाथवे, फाउंटेन, स्मार्ट बोर्ड, विद्युत कार्य, ड्रेनेज सिस्टम की सुविधा, टीचिंग स्टाफ रूम, फायर व प्लंबिंग कार्य, ड्रेनिंग व्यवस्था, कांफ्रेंस हॉल और कक्षाओं व पुस्तकालय के बारे में जानकारी ली।
सहायक अभियंता ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में चार प्रयोगशालाएं हैं। नीचे दो लाइब्रेरी हैं और प्रत्येक फ्लोर पर कक्षाएं हैं। कंप्यूटर रूम ठीक बगल में है। अन्य पठन-पाठन से संबंधित कक्षाएं प्रत्येक फ्लोर पर हैं। आग से बचाव के लिए अपनाए गए सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों की भी डीएम ने जानकारी ली। कहा कि ड्रेनेज की व्यवस्था हमेशा ठीक रहे व जलभराव की समस्या भविष्य में कभी न आए। उन्होंने प्रत्येक फ्लोर पर खिड़कियों के आगे ग्रिल या जाली लगाने, शत-प्रतिशत कैमरों की टेस्टिंग कराने और अवशेष कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए।