तमकुहीरोड। सेवरही ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित विरवट कोन्हवलिया गांव में मंगलवार दोपहर बाद सीएमओ की अगुवाई में स्वास्थ्य टीम पहुंची। लोगों के सेहत की जांच की। बीमार में दवा का वितरण किया। मच्छरों से बचाव आदि की सलाह के बाद स्वास्थ्य टीम ने सीएचसी के एमओआईसी को कैंप लगाने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित गांव विरवट कोन्हवलिया में पहुंचे सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने स्वास्थ्य टीम के साथ गांव में भ्रमण किया। इस दौरान सर्दी-खांसी, बुखार समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित मिले मरीजों में दवा का वितरण कराया। सीएमओ ने कहा कि सेहत को लेकर लोग सावधानी बरतें। पेयजल का प्रयोग करें और मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। उन्होंने एमओआईसी सेवरही को बाढ़ प्रभावित गांवों में कैंप करने के निर्देश दिए। पीड़ित मरीजों की जांच के बाद उनका उपचार शुरू कर दें। यदि किसी तरह की कोई दिक्कत आती है तो वे सीधे उनसे संपर्क करें। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिंह, सेवरही एमओआईसी डॉ. अमित जायसवाल, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. संजय सिंह, राहुल गौतम आदि मौजूद रहे।