दुदही। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा को लेकर बृहस्पतिवार को स्वच्छता गोष्ठी एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें दो अक्तूबर तक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरुक किया जाएगा। इस अभियान में आंगनबाड़ी, आशा और एएनएम के अलावा सफाई मित्र भी सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक करेंगे।
दुदही सीएचसी के एमओआईसी डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य और स्वच्छता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को बढ़ावा देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। नुक्कड़ नाटक, लोक संगीत, पेंटिंग, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिता और प्रदर्शनी आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई रखने पर किसी भी तरह की संक्रामक बीमारी नहीं होती है। इस दौरान डॉ. बिजेंद्र कुमार, मनोज राय, शिवानन्द आदि मौजूद रहे। संवाद