पकवा इनार। बुद्ध पीजी कॉलेज में शनिवार को बीएड विभाग की तरफ से दो दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को प्राणायाम और योग के गुर सिखाए गए। मुख्य अतिथि चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने पढ़ाई के साथ वातावरण की स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छ भारत मिशन की सफलता जन-जन की सोच में सकारात्मक परिवर्तन से ही धरातल पर उतारा जा सकता है। प्रत्येक नागरिक के जागृति से ही स्वच्छता आएगी। कुशीनगर मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को आमंत्रित भी किया है। उन्होंने कालेज के अतीत के स्वर्णिम काल को भी रेखांकित किया। प्रशिक्षुओं को कालेज की शिक्षा क्षेत्र में समृद्धता व ख्याति को बताया। अध्यक्षता करते हुए बीएड विभागाध्यक्ष प्रो. विभ्राट चंद कौशिक ने कहा कि शिक्षा जीवन की रक्षा करने वाली होनी चाहिए। इस कथन को उन्होंने काशी नगरी में गंगा नदी में एक नाविक और अंग्रेजी, संस्कृत और हिंदी के विद्वान आचार्यों के बीच हुए संवाद के माध्यम से साझा किया। संचालन डा. निगम मौर्य ने किया।