पडरौना। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक ने बुधवार को सुकरौली और मोतीचक ब्लॉक में संचालित पांच प्राइवेट स्कूलों की जांच की। चार विद्यालयों में मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन मिला। उन्होंने अतिरिक्त कक्षाओं को तत्काल बंद कराते हुए जिले में बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। एडी बेसिक गोरखपुर संगीता सिंह ने बुधवार को सीएलएस इंटरनेशनल स्कूल तुर्कडिया की जांच की। विद्यालय की मान्यता से पांचवीं तक की मिली, लेकिन आठवीं तक की कक्षाएं संचालित मिलीं। अतिरिक्त कक्षाओं को बंद करा दिया। जेएन इंटरनेशनल स्कूल टीकर की मान्यता आठवीं तक मिली, पर नौंवी कक्षा संचालित मिली। इसी तरह आठवीं तक की मान्यता वाले जेएसआई इंटरनेशनल स्कूल में नौवीं व 10वीं की कक्षा संचालित मिलीं। जीएस वर्ल्ड स्कूल अहिरौली कुशीनगर की मान्यता पांचवीं तक है, लेकिन हाईस्कूल की कक्षाएं संचालित मिलीं। इस विद्यालय का एक नया ब्रांच भी संचालित मिला, बिना मान्यता के छह से नौवीं तक विद्यालय संचालित मिला। एडी बेसिक ने अतिरिक्त कक्षाओं को बंद कराते हुए ऐसे विद्यालयों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।्