फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: ट्रैक्टर लूट के मामले में दबिश देने गई पुलिस और ग्रामीणों में भिड़ंत, दो पुलिसकर्मियों को आईं चोटें

Mon, 11 Sep 2023 01:37 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पिपराकनक/गंगुआ बाजार (कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मछरिया-घोरठ गांव के बीच बीते पांच सितंबर की रात चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटने के मामले में दबिश देने बिहार में गई पुलिस और कुछ ग्रामीणों में झड़प हो गई। इसमें महिला कांस्टेबल सहित दो कांस्टेबल चोटिल हो गए। उनका समउर बाजार के एक मेडिकल स्टोर में मरहम-पट्टी कराया गया। इसमें तुर्कपट्टी थाने के एसएचओ की गाड़ी का शीशा टूटने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, पुलिस इस भिड़ंत की बात से इन्कार कर रही है। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूट में प्रयुक्त पिकअप को भी बरामद कर लिया है। ट्रैक्टर-ट्राॅली का पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन

तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र मछरिया-घोरठ गांव के बीच मटियरिया के पास 5 सितंबर की रात बदमाशों ने प्रभुनाथ कुशवाहा को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्राली लूट लिया था। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की। एसपी ने स्वॉट टीम समेत पांच टीमें गठित की थीं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोे दिन पूर्व इंदरपट्टी के तधिया टोका से तीन लोगों को हिरासत में लिया था। इस मामले में पुलिस ने इनसे मिली जानकारी के आधार पर रविवार की भोर में बिहार के गोपालगंज जिले के एक गांव में दबिश दी, जिससे नाराज लोगों ने पुलिस को विरोध किया। इसके बाद बात बढ़ गई और दोनों में भिड़ंत हो गई। ईट-पत्थर चलाने की भी चर्चा है, जिसमें तुर्कपट्टी थाने के एसएचओ की गाड़ी का शीशा टूट गया। गाड़ी में पीछे बैठी एक महिला कांस्टेबल सहित दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। किसी तरह वहां से निकली पुलिस जनपद में बिहार बार्डर स्थित समउर बाजार चौराहा की पुलिस चौकी पर सुबह करीब सात बजे पहुंची, जहां एक मेडिकल स्टोर पर घायल सिपाहियों का इलाज हुआ। दबिश में स्वॉट टीम, पटहेरवा, तुर्कपट्टी, तमकुहीराज थाने की पुलिस शामिल रही। यह भी कहा जा रहा है कि समउर बाजार में एक पत्रकार और दुकानदार को क्षतिग्रस्त गाड़ियों का फोटो खींचते समय पुलिस ने मोबाइल छीन लिया और अपने साथ लेकर चली गई। तुर्कपट्टी थाने के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दबिश के दौरान वाहन बैक करते समय गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। पुलिस टीम पर हमला नहीं हुआ है।
00
आखिर सच कौन बोल रहा, कुशीनगर या बिहार पुलिस
ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट की घटना पर वारदात के समय से ही पुलिस सच बताने से बच रही है। चर्चा है कि दबिश के दौरान पुलिस पर हमला हुआ। तुर्कपट्टी इंस्पेक्टर का तर्क है कि वाहन बैक करते समय गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। किसी सिपाही को चोट नहीं आई और न ही किसी का इलाज कराया गया। वहीं, तमकुहीराज के इंस्पेक्टर नीरज राय किसी तरह की दबिश में शामिल नहीं होने का दावा कर रहे हैं। गोपालगंज जनपद के के कटया थाने के एसओ छोटकन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम जिले में आई थी। स्थानीय पुलिस को बिना सूचना दिए दबिश देने चली गई। बाद में घटना की जानकारी हुई।
विज्ञापन

00
ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में पुलिस दबिश देने बिहार में गई थी। पांच लोग गिरफ्तार किए गए हैं। ट्रैक्टर-ट्राॅली लूट में प्रयुक्त किया गया पिकअप भी बरामद कर लिया गया है। लूटे गए ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद नहीं हुए हैं। उसका पता लगाया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को लेकर आते समय कुछ विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस पर पथराव, गाड़ी का शीशा टूटने की बात गलत है। किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है। -धवल जायसवाल, एसपी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें