करंट की चपेट में आने से बालक की मौत
अपने मामा के घर आया था अमित
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। मुजहना रहीम मोहल्ले में मामा के घर आया एक बालक करंट की चपेट में आ गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। वह हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिपरैचा गांव का रहने वाला था। पिपरैचा गांव के रहने वाले हरिश्चंद्र प्रसाद का दस वर्षीय बेटा अमित कुछ दिनों पहले अपने मामा के घर मुजहना रहीम में आया था। बृहस्पतिवार को दिन के करीब तीन बजे वह मुहल्ले के बाहर खेत में मछली पकड़ रहा था। वही पर लोहे का पोल था। उससे हाईटेंशन लाइन गुजरती है। जैसे ही अमित बिजली के पोल के पास पहुंचा कि वह करंट की चपेट में आ गया। लोग अभी कुछ समझ पाते, तब तक वह खेत में ही गिरकर बेसुध हो गया। जानकारी होने पर परिवार के लोग उसे लेकर हाटा सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।