पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि, दरवाजे पर शव पहुंचते मची चीख-पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। घर से लापता बालक की मौत सिर में चोट लगने से हुई है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। शव पहुंचने के बाद दरवाजे पर गांववालों की भीड़ जुट गई। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर लोगों की आंखें भर आईं। शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। घरवालों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव के शिवपट्टी टोला निवासी ललित त्रिपाठी का 12 वर्षीय बेटा रमन त्रिपाठी मंगलवार शाम घर से लापता हो गया। बुधवार को इसकी लाश खौवा नाले पुल के नीचे मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की। गांव वालों का आरोप है कि बुधवार को शव मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची। खोजी कुत्ता पुल से करीब आधे किमी दूर गया तो पुलिस वाले उसे वाहन में रखकर जाने लगे। लोगों के पूछने पर बताया कि कुत्ता बीमार है। इसलिए ज्यादा दौड़ नहीं सकता। पुलिस गुमशुदगी दर्ज करने के बाद सुस्त पड़ गई। अभी तक इस मामले में किसी नतीजे पर पुलिस नहीं पहुंची है। इस बाबत इंस्पेक्टर डॉ. आशुतोष तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से बालक की मौत की पुष्टि हुई है। घरवालों से वार्ता के बाद गुमशुदगी की धारा में परिवर्तन किया जाएगा।