छितौनी नगर पंचायत के कल्याणनगर में बच्चों सहित 12 लोग चिकन पॉक्स से पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
छितौनी। कस्बे के कल्याणनगर मोहल्ले में बच्चों सहित 12 लोगों के चिकन पॉक्स की चपेट में आने की सूचना पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। खड्डा पीएचसी के डॉ. दुर्गेश कुशवाहा व न्यू पीएचसी छितौनी के डॉ. अनित कुमार ने चिकन पॉक्स से पीड़ित बच्चों की जांच कर दवाइयां दीं।
बताया जा रहा है कि कल्याणनगर निवासी जाकिर अंसारी का पुत्र कलामुद्दीन (13) 16 मार्च को चिकन पॉक्स की चपेट में आया। उसके बाद मोहल्ले के ही आरिफ (6), सहजान (8), रमजान (7), इरशाद (6), अंशिका (5), मेराज (8), मुन्नी (6), खुशबू (5), अंजली (4), प्रीती (6) सहित फूलवती देवी (25) भी इसकी चपेट में आ गईं।
इसकी जानकारी होने पर भाजपा के पूर्व जिला मंत्री आनंद कुशवाहा ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पारसनाथ गुप्ता से मोबाइल फोन पर बात की। उसके बाद बृहस्पतिवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पारसनाथ गुप्ता ने खड्डा पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी व न्यू पीएचसी छितौनी के प्रभारी चिकित्साधिकारी की संयुक्त टीम बनाकर वार्ड में भेजा। वार्ड में पहुंचकर दोनों डॉक्टरों ने बच्चों सहित चिकन पॉक्स से पीड़ित लोगों का उपचार किया और दवा दी।