तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर एक फेरा के लिए मंजूर हुई छपरा-सिकंदराबाद होली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शनिवार से शुरू हो गया। यह ट्रेन 30 मार्च को छपरा से सिकंदराबाद और एक अप्रैल को सिकंदराबाद से छपरा के लिए चल कर बंद हो जाएगी। शनिवार को यह ट्रेन छपरा से सुबह चार बजे चल कर तमकुहीरोड स्टेशन पर सुबह 6:40 बजे पहुंची तो स्टेशन यात्रियों की भीड़ से गुलजार नजर आया।
होली के पर्व पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर तीन होली स्पेशल गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस को चार फेरा, छपरा-अमृतसर साप्ताहिक एक्सप्रेस दो फेरा और छपरा-सिकंदराबाद एक्सप्रेस को एक फेरा चलाने की अनुमति दी थी। गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन 21 मार्च से 28 मार्च तक चार फेरा चल कर बंद हो गई। जबकि, छपरा-अमृतसर होली स्पेशल ट्रेन भी दो फेरा पूरी कर रविवार को बंद हो जाएगी।
तीसरी होली स्पेशल छपरा सिकंदराबाद एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन भी शनिवार से शुरू हो गया है। यह ट्रेन शनिवार की सुबह चार बजे छपरा से चल कर 6:40 बजे तमकुहीरोड, 7:07 बजे पडरौना, 7:42 बजे कप्तानगंज पहुंची। यहां से गोंडा, कानपुर, भोपाल, नागपुर के रास्ते सिकंदराबाद के लिए रवाना हो गई। एक अप्रैल को यह ट्रेन वापसी में 21:00 बजे सिकंदराबाद से चलकर 08:55 बजे गोरखपुर, 10:05 बजे कप्तानगंज, 10:45 पडरौना, 11:18 तमकुहीरोड, 12:05 थावे होते हुए 14:20 बजे छपरा पहुंचेगी। क्षेत्र के अभिषेक शुक्ल, आदित्य वर्मा, श्रीदयाल मिश्र, ध्रुव निषाद, राहुल सोनी ने कहा कि इस रूट पर चलने वाली यह सबसे लंबी दूरी की ट्रेन है। रेल प्रशासन को यात्री हित में कप्तानगंज-थावे रूट पर भी लंबी दूरी की ट्रेनों को नियमित चलाना चाहिए।