तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर 22 व 29 मार्च को 09:55 बजे छपरा से अमृतसर के लिए और 23 व 30 मार्च को 12:45 बजे अमृतसर से छपरा के लिए होली स्पेशल साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन दो फेरा चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव तमकुहीरोड, पडरौना और कप्तानगंज में होगा।
होली के पर्व पर यात्रियों के भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे ने कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की अनुमति दी थी। इनमें गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। छपरा-अमृतसर साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 मार्च व 29 मार्च को छपरा से 09:55 से और 23 व 30 मार्च को अमृतसर से 12:45 से शुरू होगा। इसमें 05049 नंबर ट्रेन छपरा से 09:55 बजे से चल कर 10:45 बजे सिवान, 11:26 बजे थावे, 12:03 बजे तमकुहीरोड, 22:38 बजे पडरौना, 13:35 बजे कप्तानगंज, 14:30 बजे गोरखपुर, 17:05 बजे गोंडा, 00:45 बजे मुरादाबाद के रास्ते 09:30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। जबकि वापसी में यह ट्रेन 23 व 30 मार्च को अमृतसर से 12:45 बजे चलकर जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, मुरादाबाद, गोंडा के रास्ते 08:35 बजे गोरखपुर, 09:50 बजे कप्तानगंज, 10:40 बजे पडरौना, 11:13 बजे तमकुहीरोड, 12:00 बजे थावे, 12:50 बजे सिवान होते हुए 14:00 बजे छपरा पहुंचेगी। क्षेत्र के मायाशंकर निर्गुणायत, अमरनाथ गुप्ता, लव जायसवाल, राहुल सोनी आदि ने कहा कि जालंधर, जगाधरी, लुधियाना, अंबाला कैंट प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र हैं। वहां क्षेत्र के बड़ी संख्या में कामगार रहते हैं। इस ट्रेन के संचालन से उन्हें होली में घर आने और पुनः लौटने में काफी सहूलियत होगी।