कप्तानगंज। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण व विकास कार्यों का शुक्रवार को निरीक्षण किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत बनाए गए सीसी रोड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने राम जानकी घाट पर वंदन योजना के अंतर्गत निर्माणधीन घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिशाषी अधिकारी योगेश प्रताप मिश्रा को निर्देशित किया कि उक्त निर्माण कार्य हर हाल में आगामी छठ पूजा तक पूरा करावें। उन्होंने छठ मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश देते हुए कहा कि छठ का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बैठने व आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसको लेकर नगर पंचायत प्रशासन को यहां की व्यवस्था जल्द से जल्द पूरी कर लेना चाहिए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी योगेश प्रताप मिश्रा, लिपिक सविता भारती, लेखपाल सुरेंद्र प्रजापति समेत तमाम लोग मौजूद रहे।