बिजली काटने का झांसा देकर जालसाजी
पडरौना( कुशीनगर)। बिजली कनेक्शन काटने का झांसा देकर जालसाज लोगों के बैंक खातों से रुपये उड़ा रहे हैं। कसया थाना क्षेत्र के रामपुर पट्टी निवासी जितेंद्र के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 37,609 रुपये की ठगी कर ली। परेशान जितेंद्र ने थाने पर सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर बुधवार को तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बिजली निगम का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि यदि अभी बिल नहीं जमा कराया तो घर का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद जालसाज ने मैसेज भेजा। जालसाज ने उसी पर रुपये ट्रांसफर करने को कहा। जितेंद्र ने हड़बड़ी में लिंक को क्लिक कर दिया। थोड़ी ही देर बाद उनके मोबाइल पर रुपये कटने के मैसेज आने लगे। एक बार 30 हजार रुपये, दूसरी बार में 7,500 और तीसरी बार में 109 रुपये निकल गए। तहरीर के आधार पर कसया पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह का फोन आने पर पर बिल्कुल न घबराएं। किसी अंजान लिंक को क्लिक न करें।
इन तरीकों से करते ठगी
बिजली बिल न जमा होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर
पेटीएम और केसीसी कार्ड बंद करने की बात कहकर
मोबाइल एप पर खरीददारी का झांसा देकर
सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों का केवाईसी, पेंशन खाता, प्रधानमंत्री आवास आदि के नाम पर केवाआईसी अपडेट करने के नाम पर
इन बातों का रखें ख्याल
बिजली कनेक्शन काटने संबंधी फोन आने पर परेशान न हों।
किसी तरह की असुविधा होने पर तत्काल नजदीकी बिजली उपकेंद्र पर जाएं।
एटीएम पिन दर्ज करें तो उसे छिपा लें। एटीएम में तब जाएं जब वहां कोई न हो।
बैंक ट्रांजेक्शन की तत्काल जानकारी के लिए एसएमएस अपडेट सुविधा का इस्तेमाल करें।
मोबाइल या कंप्यूटर पर आए अंजान लिंक को कतई क्लिक न करें।
संदेहास्पद यूआरएल या किसी लिंक पर रिप्लाई न करें।
बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर काल करके साइबर ठगी कर रहे हैं। इस तरह के मामले सामने आने पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसलिए लोग साइबर जालसाजों के झांसे में न आएं। इस संबंध में बिजली निगम के अधिकारियों को भी पत्र लिखकर जानकारी दी जाएगी। -धवल जायसवाल, एसपी कुशीनगर