पडरौना। कागजों में हेरा-फेरी कर कसया तहसील से फर्जी तरीके से जाति प्रमाणपत्र जारी करने वाले लेखपालों पर दर्ज हुए मुकदमे में छह माह बाद भी विवेचक ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल नहीं की है। मंगलवार को एसपी से मिलकर पीड़ित विवेचना कर रहे खड्डा सीओ की भूमिका पर सवाल खड़ा किया। एसपी ने कार्यालय में मौजूद सीओ को अविलंब चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं विभाग की ओर से आरोपी लेखपाल श्रीनिवास सिंह का प्रमोशन भी दे दिया गया है। कुशीनगर नगर पालिका के बुद्धनगरी वार्ड 21 निवासी प्रियेश गोड़ की बहन प्रियंका गोड़ की शादी कसया तहसील क्षेत्र के परसौन बुजुर्ग गांव में हुई है। मायके के पते से जाति प्रमाणपत्र बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करीब डेढ़ साल पहले किया गया था। लेखपाल निलेश रंजन राव ने मायके के पते पर जाति प्रमाणपत्र नहीं बनने का दावा करते हुए आवेदन खारिज कर दिया था। इसकी शिकायत प्रियेश ने एसडीएम और तत्कालीन डीएम के अलावा संपूर्ण समाधान दिवस में भी की थी।