संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। उदित नारायण पीजी कॉलेज में सोमवार को स्नातक माइनर कोर्स की सेमेस्टर परीक्षा करीब आधे घंटे विलंब से शुरू हुई। समय सारिणी में बदलाव के चलते इस तरह की दिक्कत हुई। हालांकि जानकारी होने पर पहुंचे कॉलेज के कर्मचारियों ने परीक्षा कराई।
बद्रीनारायण महाविद्यालय जंगल गायघाट के बीकाम के विद्यार्थियों का मंगलवार को सुबह आठ बजे से डिस्टेंस मैनेजिंग विषय की परीक्षा उदित नारायण पीजी कॉलेज में होनी थी। इस परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय की तरफ से पहले 29 मई को सुबह 11 बजे से परीक्षा कराने की समय सारणी जारी की गई थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते इस परीक्षा की समय सारणी में बदलाव कर 11 जून को सुबह आठ बजे से कर दिया गया है। इस दिन सुबह करीब साढ़े सात बजे जब परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे तो परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद मिला। इस पर परीक्षार्थियों ने अपने कॉलेज के प्रबंधक दरोगा निषाद को फोन कर इसके बारे में अवगत कराया। इसके बाद दरोगा निषाद ने परीक्षा केंद्र के कॉलेज प्रशासन को इसके बारे में बताया, तो हरकत में आए परीक्षा केंद्र के कर्मचारी कॉलेज पहुंचे और परीक्षा शुरू कराई। बद्रीनारायण महाविद्यालय के प्रबंधक दरोगा निषाद ने बताया कि मंगलवार को स्नातक माईनर कोर्स की सेमस्टर परीक्षा होनी थी। विश्वविद्यालय की तरफ से जारी की गई समय सारणी के अनुसार परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन वहां परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद देख विद्यार्थियों ने हमें सूचना दी। इसके बाद मैने कॉलेज प्रशासन को इसके बारे में अवगत कराया। कुछ देर बाद पहुंचे कर्मचारियों ने परीक्षा शुरू कराई। इसके चलते परीक्षा करीब आधे घंटे विलंब से शुरू हुई।
0
विश्वविद्यालय की तरफ से डिस्टेंस मैनेजमेंट मैचिंग का पेपर पहले 29 मई को समय सारिणी जारी की गई थी। लेकिन, चुनाव के चलते उसे आगे बढ़ा दिया गया था। अचानक हुई समय सारिणी में बदलाव से इस तरह की परेशानी हुई। इस परीक्षा में कुल 52 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें सभी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। - प्रोफेसर डॉ. ममता मणि त्रिपाठी, प्राचार्य, उदित नारायण पीजी कॉलेज पडरौना।